गाजीपुर। बहुत जल्द शहर की तस्वीर बदलने जा रही है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नगर पालिका प्रशासन के पांच प्रस्तावों को शासन की ओर से मंजूरी दे दी गई है। धरातल पर पांचों प्रस्तावों को मूर्त रूप देने के लिए 17.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें लंका में मल्टी लेवल पार्किंग और कचहरी के पास अर्बन प्लाजा भी शामिल है।मंजूर प्रस्तावों में कलक्टर घाट का कायाकल्प व संरक्षण, लंका में मल्टीलेवल पार्किंग, कचहरी के पास अर्बन प्लाजा, महुआबाग-अफीम फैक्ट्री रोड पर वेंडिंग जोन व टाउनहाल मैदान में बारात घर-सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है। इन कार्यों के होने से नगर के 25 वार्डों में रहने वाली लगभग पौने दो लाख की आबादी को सहूलियत मिलेगी। नगर पालिका ईओ अमिता वरुण ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत पांच प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई है। इनका कार्य जल्द शुरू होगा। नए भवन के निर्माण का सपना रह गया अधूरा : मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत कुल छह प्रस्ताव भेजे गए थे। इनमें से पांच को शासन स्तर से मंजूरी मिली है। जबकि एक प्रस्ताव जलकल में नगर पालिका कार्यालय के लिए नए भवन निर्माण का था। इसको मंजूरी नहीं मिली है। ऐसे में यह सपना अब अधूरा रह गया है। पहले कि तरह आने वाले दिनों में भी नगर पालिका कार्यालय अपने पुराने भवन से संचालित होगा।
देव-दीपावली को मिलेगी भव्यता : गाजीपुर। कलक्टर घाट का कायाकल्प होने से प्रतिदिन गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी। यहां प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला देव-दीपावली का कार्यक्रम नगर में काफी मशहूर है। घाट का कायाकल्प होने से आगामी वर्षों में आयोजित होने वाली देव-दीपावली के कार्यक्रम को और भव्यता मिलेगी। कचहरी के पास अर्बन प्लाजा व महुआबाग-अफीम फैक्ट्री मार्ग पर वेंडिंग जोन स्थापित होने से लोगों को एक ही जगह पर विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजनों मिठाई, फास्ट फूड, परंपरागत खाद्य पदार्थ, चाय आदि का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। साथ ही इन दोनों क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी। संवाद
इतनी धनराशि से होंगे ये कार्य
कार्य का नाम
खर्च होने वाली धनराशि
कलक्टर घाट का कायाकल्प-संरक्षण
5.00
लंका में मल्टीलेवल पार्किंग
4.00
कचहरी के पास अर्बन प्लाजा
5.00
महुआबाग-अफीम फैक्ट्री रोड पर वेंडिंग जोन
2.00
टाउनहाल मैदान में बरात घर-सामुदायिक भवन 1.50
नोट - खर्च होने वाली धनराशि करोड़ में है।