जमानिया/दिलदारनगर। जमानिया रेलवे स्टेशन और बहुअरा रेलवे स्टेशन के मध्य इलायचीपुर पुलिया के पास रविवार की सुबह 7.57 पर 15634 अप में बीकानेर एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया। इससे अप लाइन ब्लॉक हो गया और रेल परिचालन बाधित रहा। दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस 5.34 घंटे खड़ी रही, जबकि रूट पर पड़ने वाले अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी विभिन्न ट्रेनें खड़ी रहीं। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन से इंजन आने के बाद बीकानेर एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना किया गया। अप में 15634 बीकानेर एक्सप्रेस गुआहाटी से बीकानेर जा रही थी। स्थानीय रेलवे स्टेशन व बहुअरा रेलवे स्टेशन के मध्य इलायचीपुर पुलिया के पास सुबह 7.57 बजे अचानक ट्रेन का इंजन फेल हो गया। ट्रेन चालक की ओर से इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद अप रेलवे ट्रैक को ब्लाक कर दिया गया। 7.46 बजे पटना से गोमती नगर जारी वंदे भारत एक्सप्रेस को दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर ही रोक दिया गया। इसी तरह विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर कई ट्रेनें खड़ी रहीं। दोपहर में 1.20 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से दूसरा इंजन आया। फेल हुए इंजन की जगह पर उसे लगाया गया। इसके बाद 5.34 घंटे बाद बीकानेर एक्सप्रेस आगे के लिए रवाना हुई। इस दौरान अप लाइन के ब्लाॅक होने से विभिन्न ट्रेनों के यात्रियों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। रेलवे स्टेशन मास्टर जमानिया राकेश पटेल ने बताया कि इंजन फेल होने से रेल यातायात बाधित हो गया था। दोपहर 01.20 बजे ट्रेन परिचालन बहाल हुआ।