गाजीपुर। कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोड़ा ने पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की मौजूदगी में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने कांवड़ मार्गों, गंगा घाटों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी के निर्देश दिए। एडीजी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इसके लिए रूट डायवर्जन और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था पहले से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की लगातार मौजूदगी और कांवड़ मार्गों पर नियमित भ्रमण करने को कहा। स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर जोर दिया।
लंबित विवेचनाओं पर जताई नाराजगी : अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान एडीजी ने लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों की समयबद्ध जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। हिस्ट्रीशीटर, सक्रिय और वांछित अपराधियों की निगरानी बढ़ाने तथा गैंगस्टर और गुंडा अधिनियम से संबंधित आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
सीसीटीएनएस पर लंबित प्रविष्टियों, ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली के प्रभावी इस्तेमाल की भी समीक्षा की गई। प्रत्येक विवेचना में तकनीकी साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए। कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया की लगातार निगरानी करने और अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। घाटों और धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस प्रबंध के साथ ड्रोन से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराध से सड़क सुरक्षा तक हुई समीक्षा : बैठक में महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति अभियान, साइबर अपराध, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, अवैध शराब, मादक पदार्थों और गो-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की भी समीक्षा हुई।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट और रेड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (आरटीसी) अभियान के तहत प्रभावी यातायात प्रबंधन पर जोर दिया गया।