फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghazipur News: धनतेरस पर बाजारों में हुई 73 करोड़ की धन वर्षा

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजीपुर। शहर सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को धनतेरस पर बाजारों में करीब 73 करोड़ रुपये की धन वर्षा हुई। घर और प्रतिष्ठानों में धनवंतरि की पूजा की गई। खरीदारी के लिए बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। बर्तन, वाहन, सराफा, इलेक्ट्राॅनिक की दुकानों पर अधिक भीड़ रही। लोगों ने सोने-चांदी के सिक्के, बर्तन एवं उपहार खरीदे। दुकानदारों ने खरीद पर छूट एवं उपहार के साथ ही मुफ्त होम डिलीवरी जैसी सुविधा देकर ग्राहकों को लुभाया। लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और मिट्टी के दीयों की दुकानों पर भी दिन भर भीड़ रही। पूरे दिन बाजारों एवं सड़कों पर खरीदारी के लिए लोगों का आना-जाना लगा रहा। बाजार के जानकारों के मुताबिक धनतेरस पर विभिन्न व्यापारियों की ओर से 73 करोड़ से अधिक का व्यवसाय किया गया।
विज्ञापन

कहां कितना करोबार

बाइक: 21 करोड़

सराफा कारोबार: 34 करोड़

कार : 8-9 करोड़

इलेक्ट्राॅनिक्स, फर्नीचर और बर्तन : 8-9 करोड़

0000

3000 बाइक और स्कूटी और 500 अन्य वाहन बिके

धनतेरस को लेकर जिले में बाइक की बुकिंग का सिलसिला एक सप्ताह से चल रहा था। ज्यादातर ग्राहकों ने धनतेरस के दिन डिलीवरी ली। जिले के सभी कार और बाइक शोरूम पर भीड़ रही। जिले भर में 3000 दो पहिया और करीब 500 से अधिक ई-रिक्शा, ऑटो, ट्रैक्टर, जीप और कार आदि की बिक्री हुई। शहर के विभिन्न शोरूम पर अलग-अलग कंपनियों के करीब डेढ़ हजार दो पहिया वाहनों की बिक्री हुई। कमोवेश अन्य तहसील क्षेत्रों में भी लगभग डेढ़ से दो हजार दो पहिया वाहनों की बिक्री की गई।

0000

सोने-चांदी की दुकानों पर रही रौनक

धनतेरस के दिन सोने और चांदी का आभूषण खरीदना शुभ माना जाता है। आभूषणों में पहली पसंद महिलाओं के लिए सोने से बने जेवर होते हैं। इसलिए बाजार में पीली धातु के जेवरों की डिमांड रही। चांदी के सिक्के की भी कई वेराइटी बाजार में देखे गए। दिन शुभ होने के कारण शादी विवाह के मद्देनजर भी लोगों ने खूब ऑर्डर दिए। मिश्रबाजार, महुआबाग, चीतनाथ आदि क्षेत्र में सर्राफा की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। सोने के हल्के गहनों जैसे कील, नथुनी, झुमका आदि की तो बिक्री हुई चांदी से बने सामानों की भी अच्छी बिक्री हुई। सर्राफा व्यापार मंडल के महामंत्री संतोष कुमार वर्मा के अनुसार धनतेरस पर शहर में सात करोड़ का सर्राफा के कारोबार का अनुमान है। जिले भर में यह आंकड़ा 34 करोड़ के आस पास है।
विज्ञापन


0000

पूजन के लिए की लक्ष्मी-गणेश की खरीदारी

लक्ष्मी गणेश की मूर्तियों की भी खरीदारी हुई। शहर के सभी प्रमुख स्थानों पर मिट्टी तथा चीनी मिट्टी से बने लक्ष्मी गणेश सहित अन्य देवी- देवताओं की बिक्री के लिए दुकानें सजाई गई थीं। लक्ष्मी-गणेश की कीमत 25 रुपए से लेकर तीन हजार रुपए तक थी। रोशनी के त्योहार के मद्देनजर घरों को सजाने के लिए रंग-बिरंगी झालरें हर किसी की पहली पसंद रही। दीपावली की तैयारी को लेकर धनतेरस पर ही मिट्टी के दीये एवं मूर्तियां लोगों ने खरीदे। इसी प्रकार चाइनीज झालर, रोलेक्स सहित घरेलू सजावट के सामानों की भी बिक्री का जोर बना रहा।

0000

स्टील के साथ ही बिके नाॅनस्टिक बर्तन

धनतेरस पर बर्तनों की खरीदारी की धूम रही। शहर सहित जिले भर की बाजारों में देर शाम तक महिला एवं पुरुष खरीदारों की भीड़ बनी रही। इस बार स्टील के गिलास, थाली, चम्मच, कटोरी, लोटे के साथ ही पीतल, तांबा, अल्यूमिनियम के बर्तनों की भी मांग रही। बदलते ट्रेंड के चलते इस बार नाॅन स्टिक के बर्तनों की भी लोगों ने खरीदारी की। बड़े बर्तनों के बजाए छोटे तथा उपयोगी आइटम खूब बिके। खाना बनाने के लिए प्रयोग में आने वाली पतीली, कढ़ाही, तवा, तसली आदि लोगों की मांग में शामिल थे। क्राकरी को भी लोगों ने पसंद किया।

0000

खूब बिका ड्राई फ्रूट

दोस्तों और रिश्तेदारों को उपहार के तौर पर दिए जाने वाले विभिन्न सामान भी धनतेरस के दिन खूब बिके। लोगों का रुझान सबसे अधिक ड्राइफ्रूट की ओर रहा। ग्राहकों ने आकर्षक पैक युक्त ड्राइफ्रूट, बिस्कुट, नमकीन और चॉकलेट की जमकर खरीदारी की। मार्केट में ड्राइफ्रूट की बढ़ती मांग को देखते हुए मिठाई की दुकानों पर भी ड्राइफ्रूट्स बेचा गया। दुकानदार चंदन ने बताया कि आम लोग अब दिवाली के सीजन में मिठाई कम ही खरीद रहे हैं। बाजार को देखते हुए कई कंपनियों ने ड्राइफ्रूट और अन्य सामान को आकर्षक पैकिंग में उतारा है।

0000

टीवी-फ्रिज, मोबाइल और फर्नीचर बिक्री की रही धूम

टीवी, फ्रिज, मोबाइल एवं फर्नीचर की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही। लोगों ने एलईडी टीवी, सिंगल एवं डबल डोर के फ्रिज की खरीदारी की। इसके अलावा मोबाइल और इलेक्ट्राॅनिक्स की दुकानों पर भी जबरदस्त खरीदारी हुई। कई कंपनियों की ओर से दी गई आकर्षक स्कीम और ऑफरों का लोगों ने खूब लाभ उठाया। मोबाइल एसेसरीज की भी जमकर खरीदारी हुई। लकड़ी के फर्नीचरों के साथ ही प्लास्टिक की कुर्सी-मेज, स्टूल, मैट्रेस, कंप्यूटर कुर्सी, कंप्यूटर टेबुल की भी खरीदारी लोगों ने की।

0000

कपड़ों के शोरूम में उमड़ी रही भीड़

दिवाली में कपड़ों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ शोरुम और शाॅपिंग माॅल की ओर उमड़ी रही। युवा पीढ़ी का रुझान ब्रांडेड परिधानों की ओर ही अधिक रहता है। इसके चलते शहर में बने कई शोरुम में युवाओं, युवतियों, बच्चों और महिलाओं की भीड़ दिखी। वहीं, शाॅपिंग मॉल में डिस्काउंट ऑफरों ने भी लोगों को खरीदारी के लिए प्रेरित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें