कोरोना संक्रमण थमने के कारण उत्साहित लोगों ने मंगलवार को धनतेरस पर खूब खरीदारी की। लोगों ने रेडिमेड कपड़े, आधुनिक डिजाइनों के गहने, दोपहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहन, बर्तन, इलेक्ट्रानिक सामान की खूब खरीदारी की। रंग-बिरंगे दीये और झालरों से बाजार का हर कोना रोशन था। बाजार में आकर्षक आफरों से ग्राहकों को लुभाने की होड़ सी मची रही। बहुत से लोगों ने चांदी के सिक्के खरीदे। खरीदारी का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। विभिन्न बाजारों में पिछले वर्ष 24 करोड़ की बिक्री हुई थी। वहीं इस बार 50 करोड़ का कारोबार हुआ है।
धनतेरस की शाम खरीदारी के लिए लोग बाजारों में उमड़े रहे। धनतेरस पर बर्तनों की खरीद शुभ होने के कारण सबसे अधिक लोगों ने छोड़े बड़े बर्तनों की खरीदारी की। गिफ्ट आइटम, क्राकरी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ सर्वाधिक रही। गिफ्ट में कप-प्लेट, गिलास का सेट, लेमन सेट की बिक्री हुई। जबकि मिक्सी, प्रेशर कुकर की भी अच्छी सेल हो रही है। ज्वैलर्स की दुकानों पर चांदी की घड़ियां, शिकंजी सेट, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति के साथ लोग चांदी के सिक्कों की भी खरीदारी करते रहे। घरों की सजावट के सामान से बाजार भरा हुआ था। इस बार स्वदेशी सामान की ज्यादा मांग है। बाजार में बिजली के बल्ब की रंग-बिरंगी लड़ियां लोगों को लुभा रही थीं।
0
दस करोड़ के बिके आभूषण
शहर के मिश्रबाजार, महुआबाग, महाजनटोली, चीतनाथ, सट्टी आदि जगहों पर सर्राफा की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। सोने के हल्के सामानों जैसे कील, नथुनी, झुुमका आदि की बिक्री हुई। जबकि चांदी के सामानों की अच्छी बिक्री हुई। चांदी के सिक्के, पायल, नोट तथा लक्ष्मी गणेश की मूर्तियों को भी लोगों ने खरीदा। सराफा मंडल के अध्यक्ष अनूप वर्मा ने बताया कि इस बार 10 करोड़ से अधिक आभूषण का कारोबार होने की संभावना है।
0
वाहनों का हुआ 23 करोड़ का कारोबार
धनतेरस पर्व पर दो पहिया, तीनपहिया तथा चार पहिया वाहन और ट्रैक्टर की जमकर बिक्री हुई। इस शुभ पर्व के मद्देनजर जिले के प्रत्येक वाहन एजेंसियों पर भीड़ रही। जिले भर में करीब 1500 से ऊपर बाइक, 125 ट्रैक्टर के साथ आटो आदि की बिक्री हुई। शहर के हीरो, होंडा, बजाज, टीवीएस, सुजुकी आदि शोरूम पर ग्राहकों ने मनपसंद बाइक खरीदी। कुछ ग्राहकों ने पहले से बुकिंग करा लिया था। इसी प्रकार तिपहिया तथा चार पहिया वाहनों की भी खरीदारी में तेजी बनी रही। ऐजेंसी संचालकों की मानें तो 23 करोड़ का कारोबार होने की संभावना है।
0
बर्तनों की दुकानों पर उमड़ी भीड़
गाजीपुर। शहर सहित ग्रामीण इलाकों के बाजारों में बर्तन की दुकानों में जबरदस्त भीड़ उमड़ी रही। इस बार स्टील तथा पीतल की अपेक्षा नान स्टिक बर्तनों की जबरदस्त बिक्री देखने को मिली। बड़े बर्तनों के बजाए छोटे तथा उपयोगी आइटम खूब बिके। स्टील के लोटा, गिलास, कटोरी आदि तो पीतल के भी बर्तनों की मांग बनी रही। बर्तन के बढ़े भाव के चलते कुछ लोगों का बजट भी गड़बड़ रहा। बर्तन की खरीदारी के लिए सड़कों पर लगी दुकानों पर ग्राहकों की सुबह से ही जबरदस्त भीड़ देखी गई।
0000
इनसेट
फर्नीचर बिक्री की रही धूूम
गाजीपुर। धनतेरस पर बर्तन और सोने-चांदी की ही नहीं बल्कि फर्नीचर बाजार में भी बूूम दिखाई दी। लकड़ी के फर्नीचरों के साथ प्लास्टिक की कुर्सी, मेज, स्टूल, मैट्रेस, कंप्यूटर कुर्सी, कंप्यूटर टेबुल की खरीदारी लोगों ने की। महुआबाग से लेकर कचहरी तक जाने वाले मार्ग के किनारे दुकानदारों ने फर्नीचर के सामान सजा रखे थे।