गहमर। कोतवाली क्षेत्र के मगरखाई रेलवे पुलिया के पास बीते 20 जनवरी को लावारिस हाल में मिले वाहन और लापता युवक के मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। करीब 13 दिन बाद शुक्रवार की रात युवक कर्मनाशा पुलिस पिकेट पहुंचा। जबकि इस मामले में युवक के पिता ने युवती और उसके परिजनों के पर लापता करने और हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नवली भिटुका गांव निवासी राम इकबाल यादव ने एक गांव की युवती और उसके परिजनों पर पुत्र अमित यादव को गायब कर हत्या करने का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं युवती ने अमित यादव सहित उसके परिजनों पर आरोप लगाया था कि युवक प्रेम प्रपंच का झूठा नाटक कर शारीरिक शोषण किया और उसका अश्लील फोटो खींचकर शादी के लिए दबाव बनाने लगा। शादी के लिए मना करने पर तेजाब से जलाने की धमकी भी दी।
इस मामले में पुलिस मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। युवक के स्वयं पुलिस पिकेट पर सरेंडर करने से मामले में नया मोड आ गया है। मामले में कोतवाल अशोक मिश्रा ने बताया कि लापता हुआ युवक ने सरेंडर किया है। हिरासत में लेकर दोनों परिवारों के सदस्यों को बुलाया गया है। पूछताछ के बाद कार्रवाई की जाएगी।