गाजीपुर। जिला पंचायत में सियासत गरमा गई है। जिला योजना समिति की बैठक का बहिष्कार करने वाले 23 सदस्यों में 16 ने मंगलवार समिति से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह के पति व प्रतिनिधि पंकज सिंह चंचल पर गंभीर आरोप लगाते हुए आरपार की लड़ाई का ऐलान भी कर दिया है।
दोपहर 12 बजे 67 जिला पंचायत सदस्यों में 40 सदस्य जिला पंचायत सभागार पहुंचे। शाम साढ़े चार बजे तक बंद कमरे में बैठक किए। सभी सदस्य जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह के पति व प्रतिनिधि पंकज सिंह चंचल के व्यवहार को लेकर आपत्ति जताई। मांग किया कि वे सदस्यों से माफी मांगे।
जिला पंचायत सदस्य आकाश सिंह यादव के मुताबिक जिला पंचायत अध्यक्ष को फोन किया गया तो उन्होंने घर पर बुलाकर वार्ता करने की बात कही, जिसपर सदस्यों ने विरोध जताते हुए कहा कि उन्हें जिला पंचायत सभागार में आना होगा। हालांकि बात न बनने पर सदस्योें ने निर्णय लिया कि अब हर बजट में सदस्यों का बराबर हिस्सा होगा। आरोप लगाया कि साल में 6 बार बैठक होनी चाहिए लेकिन दो बार से अधिक बैठक नहीं हुई। इस दौरान नरेंद्र सिंह, राजेश, मटरू पहलवान, फेंकू आदि मौजूद रहे। इसके बाद सभी सदस्य डीएम आर्यका अखौरी से मिलने पहुंचे। बैठक में डीएम के होने पर एसडीएम प्रखर उत्तम से मिले और जिला योजना समिति से 26 सदस्यों में 16 ने इस्तीफा सौंप दिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि पंकज सिंह चंचल ने बताया कि मैंने किसी के प्रति गलत और अनुचित भाषा का प्रयोग नहीं किया है। अगर कोई इसका प्रमाण देता है तो मैं माफी मांगने को तैैयार हूं। मुझे मंगलवार को हुई बैठक की जानकारी नहीं थी। अन्यथा मैं खुद उपस्थित होता।