जिले में मंगलवार को भले ही धूप निकली लेकिन ठंड से लोगों को विशेष राहत
नहीं मिल सकी। शीतलहरी से हर कोई ठिठुरने को मजबूर रहा तो वहीं गलन से घरों
में भी रहना मुश्किल रहा। राहत पाने के लिए जहां लोग छतों और मैदानों में
जमे रहे वहीं तमाम लोग अलावों के पास जुटे रहे।
बीते सोमवार को बदली के
बीच पूरे दिन बर्फीली हवा चलती रही जिससे हर कोई कांप गया। जैसे-जैसे दिन
ढलता गया, वैसे-वैसे ठंड भी बलवान होती गई। रात में सर्द हवा के बीच गलन का
प्रभाव काफी बढ़ गया। इससे राहत के लिए लोगों को अलाव ही सबसे ज्यादा
भाया।
ठंड की वजह से समय से पहले ही लोग घरों में दुबक गए। ऐसे में मंगलवार
को भी मौसम के मिजाज को लेकर लोग संशय में थे। लेकिन सूरज की मेहरबानी ने
लोगों को कुछ राहत जरूर दी। सुबह करीब साढ़े 10 बजे खिली धूप का प्रभाव शाम
तक बना रहा।
पूरे दिन लोगों ने धूप सेंककर अपने शरीर से ठंड का प्रभाव कुछ
कम किया। हालांकि इस दौरान चल रही सर्द हवा लोगों को ठंड के मौजूदगी का
एहसास कराती रही। सूर्यास्त होने के बाद पुन: गलन का प्रभाव बढ़ गया।