करमपुर के मेघबरन सिंह स्पोर्टस ग्राउंड में मेघबरन सिंह पीजी कॉलेज की टीम को अंतर महाविद्यालय हॉ
औड़िहार। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय पुरुष हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन बृहस्पतिवार को मेघबरन सिंह पीजी कॉलेज करमपुर के स्पोर्टस ग्राउंड पर हुआ। मेघबरन सिंह पीजी कॉलेज करमपुर की टीम ने पीजी कॉलेज को 5-1 से पटकनी दी। मैच के पहले हाफ से ही मेजबान टीम ने आक्रमक रुख अपनाया और विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। मैच के 7वें मिनट में नीरज यादव ने पहला मैदानी गोल दागकर दर्शकों में जोश भर दिया। 12वें मिनट में बृजेश यादव ने शानदार स्टिक वर्क दिखाते हुए दूसरा गोल किया।
23वें मिनट में आकाश गोंड ने तीसरा गोल कर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया।36वें मिनट में नीरज यादव ने एक बार फिर विपक्षी रक्षापंक्ति को भेदते हुए अपना दूसरा और टीम का चौथा गोल दागा। 40वें मिनट में विपक्षी टीम की तरफ से गोलू यादव ने एक गोल कर अंतर को कम करने का प्रयास किया। 43वें मिनट में गोविंद यादव ने पेनाल्टी कॉर्नर के माध्यम से शानदार गोल कर करमपुर की 5-1 से ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित कर दी।
मैच के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मेघबरन सिंह स्टेडियम के संचालक अनिकेत सिंह उपस्थित रहे। मंच पर इंटरनेशनल हॉकी खिलाड़ी और ब्रॉन्ज मेडलिस्ट राजकुमार पाल मौजूद रहे। स्टेडियम के प्रबंधक एवं पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने भी शानदार आयोजन पर अपनी खुशी जाहिर की।