बिहार के चौसा एवं गहमर स्टेशन के बीच मेगा ब्लॉक लगाकर मंगलवार को रेलवे ट्रैक बदलने का कार्य रेलपथ अभियंत्रण विभाग द्वारा किया गया। इससे करीब तीन घंटे अप रेलवे लाइन में ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। ऐसे में विभिन्न स्टेशनों से यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। इधर एहतियात के तौर पर स्टेशन जीआरपी टीम भ्रमण करती दिखाई पड़ी।
दानापुर-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड के बीच पड़ने वाले विभिन्न स्टेशनों के पास ट्रैकों को बदलने का कार्य रेलवे की ओर से किया जा रहा है। सुबह करीब साढ़े नौ बजे से रेलपथ अभियंत्रण विभाग द्वारा चौस और गहमर स्टेशन के बीच अप रेलवे लाईन पर मेगा ब्लाक लगाकर कार्य शुरू किया गया। रेलवे ट्रैक बदलने के बाद करीब 12.30 बजे मेगा ब्लाक समाप्त हुआ। तब जाकर ट्रेनों का परिचालन शुरू हो पाया। मेगा ब्लाक रहने के कारण पटना वाराणसी मेमो पैसेंजर एवं पटना- पंडित दीनदयाल उपाध्याय पैसेंजर ट्रेन घंटों बिलंब से दिलदारनगर स्टेशन पर पहुंचने से यात्री परेशान रहे। इधर मेगा ब्लाक के कारण ट्रेन के बिलंब होने पर भीड़ को देखते हुए जीआरपी चौकी प्रभारी प्रवेश कुमार सिंह टीम के साथ स्टेशन पर भ्रमण करते रहे। इस संबंध में यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया की अप में चौसा तथा गहमर के बीच रेल पटरी बदलने के कारण तीन घंटा तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।