देवकली। अमर शहीद संजय यादव की 22वीं पुण्यतिथि धनईपुर ग्राम में बुधवार को मनाई गई। इस अवसर पर अमर शहीद संजय यादव की पत्नी राधिका यादव, पुत्र गौरव यादव, भाई अजय यादव, सौरभ यादव, बाबा दुखरन यादव ने उनकी प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। सैदपुर की तहसीलदार नीलम उपाध्याय ने कहा कि यहां के नौजवानों ने कारगिल युद्ध में अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए भारत मां की गरिमा पर आंच नहीं आने दिया।
अमर शहीद संजय यादव कुमाउं बटालियन की 11वीं रेजीमेंट में तैनात थे। कारगिल युद्ध में एक सितंबर 1999 को भारत मां की रक्षा में अपने प्राणों की आहूति दे दी। ऐसे वीर जवानों पर हमें गर्व है। वह माता पिता धन्य हैं, जिन्होंने ऐसे वीर सपूतों को जन्म दिया। इस मौके पर संत घनश्यामाचार्य उर्फ बालक स्वामी, कुमायुं मंडल 13वीं बटालियन के श्रीराम यादव, भोला सिंह यादव, हुकुम यादव, सुरेंद्र यादव, रंगलाल यादव, बंगाली यादव ने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम में लोकगीत गायक चंचल यादव और रवींद्र यादव ने गीत प्रस्तुत किया। अध्यक्षता ग्राम प्रधान सुदर्शन यादव और संचालन भोला यादव ने किया।