सांसद आदर्श गांव दुल्लहपुर में लगा सोलर लाइट
केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल का तीन वर्ष पूरा होने जा रहा है। इस अवधि में गाजीपुर के सांसद केंद्रीय संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा की ओर से वैसे तो कई विकास कार्य कराए गए हैं, लेकिन ज्यादातर विकास के कार्य सांसद निधि की अपेक्षा सीएसआर फंड से कराए गए हैं। सांसद निधि से उनकी ओर से इस साल अपने गोद लिए गांव में पानी टंकी के साथ ही सोलर लाइट, पंचायत भवन एवं बैंक की शाखा आदि खुलवाने का काम किया गया।
लोकसभा का चुनाव वर्ष 2014 में हुआ था। इस चुनाव में कामयाबी का परचम लहराने वाली भाजपा की सरकार के कार्यकाल का तीन वर्ष मई में पूरा होने जा रहा है। अपने तीन वर्ष में गाजीपुर के सांसद मनोज सिन्हा की तरफ से तमाम विकास कार्य कराए गए हैं।
शहर के अफीम फैक्ट्री के पास क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान, घाट स्टेशन के पास वातानुकूलित सब्जी भंडारण केंद्र, गोड़ा शहरी के पास वाशिंग पिट के अलावा सिटी रेलवे स्टेशन पर वीआईपी हाल, स्वचालित सीढ़ी, फुट ओवरब्रिज, स्टेशन भवन के साथ ही जिले के कई अन्य स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार का काम कराया गया है।
तीसरे वर्ष में सांसद की ओर से अपने गोद लिए गांव दुल्लहपुर शंकर सिंह में पानी टंकी, पंचायत भवन, बैंक की शाखा एवं पथ प्रकाश के लिए गांव में 72 सोलर लाइटें लगवाई गईं।
हालांकि अधिकांश लाइटें खराब पड़ी हैं। इसके अलावा संसदीय क्षेत्र के कई गांव में सीएसआर फंड से छोटी-छोटी गलियों एवं सड़कों के निर्माण का काम किया जा रहा है। निवर्तमान विधायकों की निधि से आखिरी दौर में कई काम कराए गए।