Ghazipur News: मुख्तार अंसारी के सहयोगी सुरेंद्र शर्मा की तलाश काफी दिन से हो रही थी। वह एक से दूसरे जिले में छिप जाता था। मुहम्मदाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे युसुफपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
बहुचर्चित मनोज राय हत्याकांड में वांछित चल रहे 25 हजार के इनामी और आईएस 191 गैंग के सरगना मुख्तार अंसारी (मृतक) के सहयोगी सुरेंद्र शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ सीजीएम कोर्ट गाजीपुर के आदेश पर धारा 82 की भी कार्रवाई हो चुकी है।
विज्ञापन
मुहम्मदाबाद नगर के वार्ड नंबर 17 युसुफपुर गंज निवासी सुरेंद्र शर्मा पूर्व में मुख्तार अंसारी की गाड़ी चलाता रहा है। सुरेंद्र बहुचर्चित मनोज राय हत्याकांड का आरोपी है। मुहम्मदाबाद कोतवाली में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
सीजीएम कोर्ट गाजीपुर के आदेश पर पुलिस ने धारा 82 की भी कार्रवाई की है। उसपर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। पुलिस कार्यालय के मुताबिक शुक्रवार की सुबह करीब 10:15 बजे मुखबिर की सूचना पर मुहम्मदाबाद कोतवाल पवन उपाध्याय ने युसुफपुर रेलवे स्टेशन के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
अभियुक्त सुरेंद्र शर्मा पर बाराबंकी कोतवाली में भी गैंगस्टर सहित दो मामले दर्ज हैं। एसपी ओमवीर सिंह के मुताबिक आरोपी आईएस-191 गैंग का सरगना मुख्तार अंसारी (मृतक) का सहयोगी भी रहा है। वो 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी है, जो वांछित चल रहा था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही उसे आश्रय देने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।