सूचना पर शादियाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई। युवक अपने साथ कॉपी और पेन लेकर टॉवर पर चढ़ा था। उसने ऊपर से कागज पर संदेश लिखकर नीचे फेंका, जिसमें उसने साफ कहा कि कोई भी उसके पास आने की कोशिश न करे, अन्यथा वह आत्मघाती कदम उठा लेगा। साथ ही उसने एक मोबाइल नंबर भी कागज पर लिखकर नीचे फेंका, जिस पर पुलिस ने उससे संपर्क साधा और बातचीत शुरू की।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान छत्तीसगढ़ के रायपुर वीरगांव निवासी 21 वर्षीय संजीत साव के रूप में बताई। थानाध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय के अनुसार, युवक का थाना क्षेत्र की एक युवती से प्रेम संबंध था। युवती द्वारा फोन पर बातचीत बंद कर देने से वह आक्रोशित हो गया और इस तरह का कदम उठा लिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, घटना के दौरान गांव में भारी भीड़ जुटी रही और लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।