भाजपा विधायक कृष्णानंद राय हत्याकांड में गाजीपुर के मोहम्मदाबाद थाने में अफजाल अंसारी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का केस दर्ज किया गया था। गाजीपुर की एमपी एमएलए अदालत ने 29 अप्रैल 2023 को गैंगस्टर मामले में उन्हें दोषी करार देते हुए चार साल की कैद और एक लाख जुर्माने की सजा सुनाई थी। सजा के खिलाफ अफजाल अंसारी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की सहमति पर नामांकन के पहले ही दिन अफजाल अंसारी और उनकी बेटी नुसरत अंसारी के नाम पर चार-चार सेट में पर्चा खरीदा गया है और आज वे नामांकन भी करेंगे। हालांकि अफजाल अंसारी ने बीते दिनों दावा किया था कि 99.99 प्रतिशत उनका मामला फीट है, फैसला उनके पक्ष में आने की संभावना है।
अब तक भाजपा एवं बसपा प्रत्याशी की ओर से पर्चा भरा जा चुका है। चौथे दिन तक कुल 12 उम्मीदवारों की तरफ से नामांकन किया जा चुका है। जबकि 30 ने नामांकन पत्र लिया है। मंगलवार को नामांकन का अंतिम दिन है। जबकि यह प्रक्रिया 17 मई को संपन्न होगी। 75 गाजीपुर संसदीय सीट के लिए कराए जा रहे इस चुनाव का मतदान एक जून को कराया जाएगा। जबकि मतों की गणना चार जून को होगी।