गाजीपुर। गर्मी में पेयजल संकट से निपटने को लेकर सरकार गंभीर हो गई है। इसके लिए जिले भर में खराब हैंडपंपों और संसाधनों के सर्वेक्षण का काम शुरू हो गया है। इनकी सूची तैयार कर ली गई है तथा आगे अभियान चलाकर इसे ठीक कराया जाएगा। इसके लिए ब्लाक स्तर पर कर्मचारियों को लगाया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने बताया कि विकास खंड एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। लोग खराब हैंडपंपों की जानकारी यहां दे सकते हैं। ग्रीष्म ऋतु में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या से निपटने के लिए विकास खंड एवं जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना कर जनपद स्तर पर दो नोडल अधिकारी एवं प्रत्येक विकास खंड स्तर पर एक नोडल अधिकारी नामित किया जा रहा है। जनपद स्तर पर श्री भूषण कुमार, जिला विकास अधिकारी, गाजीपुर को सह नोडल अधिकारी तथा पेयजल समस्या हेतु चिह्नित अति संवेदनशील ग्राम पंचायतों के लिए, दूसरे सह नोडल अधिकारी के रूप में ब्रह्मानंद, अधिशासी अभियंता जलनिगम द्वितीय को नामित किया गया है। सभी सह नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वह गाइडलाइन के हिसाब से काम करना शुरू करें।