मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के मुर्की कला गांव में एक सप्ताह पूर्व बकरी चराने को लेकर दो पक्षों मे हुईं मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनका उपचार ट्रामा सेंटर वाराणसी में चल रहा था। इसमें से इश्तियाक खां (27) की मंगलवार की शाम मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलने पर रात में ही एडीएम राजेश सिंह, एसपीआरए चंद्रप्रकाश शुक्ला, एसडीएम राजेश कुमार गुप्ता, सीओ विनय गौतम गांव में पहुंच गए। गांव में तनाव को देखते हुए ऐहतियात के तौर पुलिस की तैनाती कर दी गई है। इस संबंध में कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया उपचार के दौरान घायल इश्तियाक की मौत हो गई थी। इस मामले में पीड़ितों की तहरीर पर पहले ही मुकदमा कायम कर लिया गया है। पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
बता दें कि क्षेत्र के मुर्की कला गांव में बीते छह मई को खेत में बकरी चराने को लेकर अजीत यादव एवं नूर आलम के परिवार के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इस मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल इश्तियाक खां (27) सहित एक अन्य को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाया गया था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी थी। एक पक्ष के नूर आलम पुत्र जामा खां ने आरोप लगाया था कि छह मई की शाम सात बजे जब वे अपने भाई इश्तियाक खां व रहमत खां के साथ मजार पर अपने पिता जामा खां को खाना देने जा रहा था तो रास्ते मे कुद्दन यादव के पुत्र अजीत यादव सहित दस लोगों ने हम लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। जबकि दूसरे पक्ष के अजीत यादव ने दरवाजा पर चढ़कर मारपीट का आरोप लगाते हुए सात लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी।