गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए बोर्ड द्वारा 183 प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है, जो बीते वर्ष की तुलना में 13 केंद्र कम है। बोर्ड द्वारा जो प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की गई है, उनमें 14 राजकीय विद्यालय है। एडेड माध्यमिक विद्यालयों की संख्या 78 और नान एडेड विद्यालयों की संख्या 91 है। वर्ष 2025 के 50 परीक्षा केंद्र ऐसे रहे जिन्हें इस वर्ष परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। उन परीक्षा केंद्रों में तीन तीन राजकीय और एडेड विद्यालय शामिल हैं। जबकि नान एडेड परीक्षा केंद्रों की संख्या 44 रही है। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा रविवार को 183 प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर परीक्षा केंद्रों की सूची अपलोड कर दी गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह ने बताया कि सूची को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय और राजकीय सिटी इंटर कालेज गाजीपुर के सूचना पट्ट पर चस्पा कर दिया गया है। इसके अलावा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों एवं परीक्षार्थियों के आवंटन में किसी भी प्रकार की आपत्ति है अथवा शिकायत है तो शिकायतकर्ता साक्ष्य सहित अपनी आपत्ति जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उपलब्ध करा सकते हैं।
एक नजर में आंकड़े-जारी सूची के मुताबिक इस बार 37 परीक्षा केंद्र नए बनाए गए हैं। उन परीक्षा केंद्रों में 05 राजकीय एवं 07 एडेड परीक्षा केंद्र है। नान एडेड नए परीक्षा केंद्रों की संख्या 25 है। अगर वर्ष 2025 के परीक्षा केंद्रों को देखा जाए तो उसमें 12 राजकीय, 74 एडेड और 110 नान एडेड परीक्षा केंद्र रहे हैं। इस तुलना में इस वर्ष दो राजकीय परीक्षा केंद्र अधिक बनाएं गए है। जबकि एडेड परीक्षा केंद्र की संख्या चार घटी है। नान एडेड परीक्षा केंद्रों की संख्या में 19 की घटोतरी कर दी गई है।