कासिमाबाद/सिधागरघाट। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के सिधागरघाट गांव स्थित ट्रांसफाॅर्मर से बिना शटडाउन के विद्युत तार जोड़ रहे एक निजी लाइनमैन की झुलसने से मौत हो गई।
शव आधे घंटे बाद पोल पर लटका रहा। इधर मुआवाजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एक घंटे तक कासिमाबाद-रसड़ा मार्ग जाम कर दिया। सीओ और कोतवाल के समझाने व आश्वासन पर दोपहर 1:30 बजे जाम समाप्त हुआ।
सिधागरघाट निवासी बृजनाथ साहनी (45) विद्युत संबंधित कार्य करता था। वह गांव के गेट के पास लगे ट्रांसफाॅर्मर पर तार जोड़ने के लिए पहुंचा। ग्रामीणों ने बताया कि जिस समय वह ट्रांसफाॅर्मर पर तार जोड़ने और फाॅल्ट ठीक करने के चढ़ा था, उस बिजली आपूर्ति बंद थी। तार जोड़ने के दौरान विद्युत आपूर्ति आ गई और पोल पर ही झुलसकर मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
इधर घटना की जानकारी होते ही पहुंची पुलिस ने आपूर्ति बंद कर शव को पोल से नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दोपहर 12:30 बजे कासिमाबाद-रसड़ा मार्ग को जाम कर दिया।
कासिमाबाद सीओ अनिल चंद्र तिवारी और कोतवाल शैलेंद्र पांडेय मौके पर पहुंचे और मार्ग जाम कर रहे लोगों को समझाने के साथ शासन स्तर से आर्थिक मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
तब जाकर दोपहर 1:30 बजे जाम समाप्त हुआ। विद्युत उपकेंद्र महड़ौर के जेई धर्मेंद्र पाल ने बताया कि बृजनाथ साहनी उपकेंद्र पर काम नहीं करता था। एसएसओ रविंद्र यादव ने बताया कि शटडाउन की कोई सूचना नहीं दी गई थी। कासिमाबाद सीओ अनिल चंद्र तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ कार्रवाई की जा रही है।