गाजीपुर। बेसहार पशुओं के उत्पात से परेशान किसानों को देखते हुए मंगलवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में सदस्यों ने मरदह ब्लाक परिसर में बेमियादी अनशन शुरू कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के लोग बेसहारा पशुओं से दिन रात परेशान हैं। लोगों की फसल एवं जान माल दोनों का नुकसान हो रहा है। कई बार पत्रक देने के बावजूद अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि बेसहारा पशुओं द्वारा किए जा रहे फसलों के नुकसान को लेकर कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के साथ पत्रक सौंपकर गुहार लगाई गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। यही नहीं स्थानीय अधिकारियों की ओर से इन बेसहारा पशुओं को लेकर कोई ठोस कदम भी नहीं उठाया गया। ऐसे में किसानों को जहां फसल नुकसान को लेकर परेशान होना पड़ रहा है। वहीं सड़क पर पशुओं के घुमने से आए दिन बाइक सवार टकराकर घायल हो रहे हैं। कहा कि लोगों को समस्या से निदान नहीं मिलेगा तो गांधीवादी तरीके से बिना अन्न जल ग्रहण किए प्राण त्याग देंगे। मौके पर शेषनाथ सिंह, महामंत्री तेजबहादुर सिंह, मीडिया प्रभारी शशांक सिंह, पूर्णेंदूपति पांडेय, अन्नू अनुरागी, प्रीतम सिंह, जिला प्रचारक सतीश सिंह, कृष्णा, सकलदीप, संदीप, बब्लू अजय, शिवशंकर, अंकुर, अनुज सिंह, दिव्यांशु उपस्थित रहे।