गाजीपुर। संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। उनकी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के लिए जल्द ही जिले में पोस्ट कोविड अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने इसकी कवायद शुरू कर दी है। विभाग ने इसके लिए मनिहारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को चिह्नित किसा है। यहां डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती को लेकर तैयारियां भी शुरु कर दी गई हैं।
जिला संक्रमण की दूसरी लहर की चपेट में है। प्रतिदिन जहां सौ से पार संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। वहीं मौत का आंकड़ा भी तेज है। हालांकि संक्रमितों के स्वस्थ होने की संख्याकाफी अच्छी है। पॉजिटिव मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी उन्हें स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं मानसिक रूप से भी कई मरीज अस्वस्थ हैं। ऐसे में इन मरीजों को चिकित्सकीय सुविधा प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पोस्ट कोविड अस्पताल स्थापित कराने को लेकर कवायद तेज कर दी गई है। इसके लिए अधिकारियों ने मनिहारी सीएचसी को चिह्नित किया है जहां डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को तैनात करने के लिए सूची तैयार की जा रही है। सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि शासन के निर्देश पर पोस्ट कोविड अस्पताल स्थापित कराया जाएगा। इसके लिए मनिहारी सीएचसी को चिन्हित किया गया है। यहां संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर होने वाली दिक्कत का उपचार हो सकेगा।