गाजीपुर। होली पर्व के मद्देनजर खादीधारी, कारोबारी, आम जनता और युवाओं की टोली को समझाने खाकीवर्दीधारी बुधवार की रात सड़क पर उतर नगर भ्रमण किए। लोगों से आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण माहौल में पर्व को मनाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह, एसपी सिटी प्रदीप दुबे तथा सीओ नगर ओजस्वी चावला ने पूरे नगर का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस कप्तान ने क्षेत्राधिकारी नगर और शहर कोतवाल को विशेष सजगता बरतने का निर्देश दिया। एसपी ने सीओ सिटी से रात्रि गश्त, मोबाइल ड्यूटी, डायल 112, सिपाहियों की बीट ड्यूटी आदि को सक्रिय करने की बात कही। नगर के गणमान्य लोगों से मिले तथा होली के पर्व पर शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की और पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाने को कहा।
बुधवार को देर रात पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने एसपी सिटी प्रदीप दुबे, सदर सीओ ओजस्वी चावला, कोतवाल धनंजय मिश्रा के साथ ही अधिक संख्या में पुलिस कर्मी और पीएसी के जवान साथ सड़क मार्ग से भ्रमण करते रहे। एसपी महुआबाग, मिश्रबाजार, लाल दरवाजा, पचरस्ता, टाउन हाल, नखास, स्टीमर घाट, चीतनाथ, तुलसिया का पुल आदि मुहल्लों में गए। इस बीच संभ्रात लोगों से बातचीत करते हुए होली पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। लोगों से पर्व को आपसी भाईचारा के साथ मनाने को कहा। कहा कि शांति व्यवस्था में जो भी खलल डालने की कोशिश करेगा, पुलिस उससे सख्ती से पेश आएगी और उसके विरूद्ध सख्त कार्रवाई होगी। लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को भी ऐसा लगता है कि कोई व्यक्ति अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। इससे समय रहते पुलिस उक्त व्यक्ति को ऐसा करने से रोक सके। भ्रमण के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तितों की जांच-पड़ताल भी की। नगर की सड़कों पुलिस कप्तान के साथ उतरी भारी फोर्स को देख लोग इस सोच में पड़ गए कि कहीं कोई बड़ी घटना तो नहीं हुई, जिससे भारी मात्रा में पुलिस फोर्स जा रही है। जब लोगों को यह जानकारी हुई कि शांति व्यवस्था के लिए पुलिस फोर्स सड़क पर उतरी है तो राहत की सास ली।