बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस ने बुधवार को बद्रीचंद के पोखरा के पास से अभिरक्षा में लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि हत्याकांड में नाम प्रकाश में आने के बाद बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। मालूम हो कि 29 मई की रात शहर के बिंदू होटल संचालक आलोक राय के पुत्र विनीत राय की होटल के गेट पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में कोतवाली में चार नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने एक नामजद आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी कमलेश बिंद को मुठभेड़ में मार गिराया था। वहीं, तीन नामजद आरोपी कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय, आलोक दुबे और सोनू यादव अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि नामजद आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।