ट्रेन से कटकर किशोरी सहित तीन की मौत
जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को ट्रेन से कटकर किशोरी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जमानिया कोतवाली क्षेत्र के दरौली गांव के सामने ट्रैक पार कर रही खुशबू (16) की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि किशोरी की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। नंदगंज थानाक्षेत्र के आंकुशपुर गांव निवासी सुभाष बिंद (26) गत 13 मार्च की देर शाम सब्जी लेने बाजार जा रहा था। इसी दौरान एक छुट्टा पशु ने उसे दौड़ा लिया। पशु से बचने के लिए भागने के चक्कर में वह ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नोनहरा थानाक्षेत्र के फिरोजपुर गांव के सामने रामकेवल यादव (45) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।