बाराचवंर गांव स्थित विशेश्वरनाथ महादेव के मंदिर में चोरी के बाद ग्रामीणों से जानकारी लेती पुलिस
मौधा। खानपुर थाना क्षेत्र के मठसौना गांव निवासी उमेश यादव के मकान को चोरों ने शनिवार की रात निशाना बनाते हुए करीब आठ लाख रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। रविवार को सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी रही। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि मठसौना गांव निवासी उमेश यादव ने बताया कि वह रोज की तरह काम खत्म कर सोने चले गए। सुबह जब उठे तो कमरे का ताला टूटा था। कमरे में रखे गोदरेज की आलमारी का दरवाजा खुला मिला, जेवरात और पेपर गायब थे। पीड़ित ने बताया कि आलमारी में रखी सोने की चेन, सोने का झुमका, सोने का आयरन, सोने की अंगूठी (दो पीस), सोने की बाली, तीन पीस सोने की नथुनी और चांदी की पैजनी और कमरबंद सहित आठ लाख के आभूषण और रजिस्ट्री के पेपर भी चोर अपने साथ लेकर चले गए। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की छानबीन जारी है, जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा।
गर्भगृह का ताला तोड़कर इनवर्टर-बैटरी और मांग टीका चोरी-दुबिहां। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के बाराचवंर गांव में स्थित विशेश्वरनाथ महादेव मंदिर में शनिवार की रात चोरों ने गर्भगृह का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के समीप स्थित इस प्राचीन मंदिर से चोर इनवर्टर, बैटरी, साउंड मशीन, पीतल की घंटी, चढ़ावे का पैसा और शीशे की फ्रेमिंग में स्थापित दुर्गा माता की सोने की मांग टीका उठा ले गए। रविवार भोर में पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों ने जब ताला टूटा देखा तो दंग रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई। डायल 112 को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर रमेश कुमार पटेल ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर मौके का निरीक्षण किया गया है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा। मंदिर के संरक्षक अंजनी कुमार सिंह की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संवाद