तहसीलदार को जांच पूर्ण कराने से संबंधित पत्रक सौंपते मनोनीत सभासद जयप्रकाश।
- फोटो : GHAZIPUR
जमानिया। नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं वित्तीय अनियमितता आदि को लेकर चल रही जांच अब तक पूर्ण न होने पर मनोनीत सभासद ने बुधवार को तहसीलदार को पत्रक सौंपा। जल्द जांच पूर्ण कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
मनोनीत सभासद जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका द्वारा नगर में कराए गए कार्यों में भ्रष्टाचार एवं वित्तीय अनियमितता को लेकर शिकायत की गई थी। इसकी जांच के लिए जिलाधिकारी द्वारा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में तीन सदस्य समिति गठित की गई थी। बताया कि इस समिति की तरफ से 26 मार्च को प्रेषित आख्या में नगर पालिका की ओर से कराए गए कार्यों में क्रय प्रक्रिया एवं निर्माण कार्य में वित्तीय नियमों एवं गुणवत्ता के संदर्भ में समय-समय पर निर्गत आदेशों की अवहेलना प्रकाश में आई थी। इसमें नगर पालिका के कई लोगों की संलिप्तता पाई गई थी। बावजूद इसके आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की। चेताया कि मांग पूरी न होने पर क्रमिक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इससे संबंधित पत्रक तहसीलदार को सौंपा। इस संबंध में तहसीलदार घनश्याम ने बताया कि पत्रक प्राप्त हुआ है। इसको उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया जाएगा। जांच में समय लगता है और वर्तमान समय में कोरोना महामारी चल रही है। ऐसे में धरना-प्रदर्शन किया जाना उचित नहीं है।