थाना क्षेत्र के पटकनियां गांव में बुधवार की देर रात इंटर के छात्र ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पटकनियां गांव निवासी गोपाल मिश्रा का बेटा अंबरिश मिश्रा (16) कक्षा 12 का छात्र था। देर शाम वह अपने घर पहुंचा और चुपचाप कमरे में चला गया। इस दौरान घर पर कोई मौजूद नहीं था। कुछ देर बाद परिवार के सदस्य घर पहुंचे। लेकिन अंबरिश के कमरे से कोई आवाज न आने पर किसी अनहोनी की आशंका से परिवार के सदस्य कमरे तक पहुंचे और कमरा खोला। अंदर का दृश्य देख सभी अवाक रह गए। युवक छत की कुंडी से फांसी के फंदे पर झूल रहा था। आननफानन में परिवार के लोगों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तबतक देर हो चुकी थी। मौत किन कारणों से हुई यह ज्ञात नहीं हो सका है। उधर सूचना पाकर सुहवल थानाध्यक्ष शरदचंद्र त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पास मिले मोबाइल को भी कब्जे में ले लिया है।
उसके सहारे जांच-पड़ताल की जा रही है। मृतक सुहवल गांव के गुरुकुल कोचिंग एवं क्लासेज में पढ़ता था। स्कूल से आने के बाद बुधवार की रात वह घर पर अकेला था। जबकि मृतक की मां मीरा देवी बिहार में अपने किसी रिश्तेदारी में दो दिन पहले गई थीं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह घर के लिए रवाना हो गईं। सीओ आरडी यादव ने बताया कि युवक ने आत्महत्या क्यों किया है, इसकी जांच-पड़ताल की जा रही है। युवक के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ है और उसके नंबरों की जांच होगी।