गोड़ी खास गांव में मृतक सिद्धार्थ की मां अनामिका से जानकारी लेते एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर।
गाजीपुर/भांवरकोल। घर से करीब चार दिन से लापता सिद्धार्थ की हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी भांवरकोल पुलिस एक-एक बिंदुओं को खंगालने में जुटी हुई है। क्राइम सीन से हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। लापता होने के दिन मासूम घर से करीब 150 मीटर दूर एक अमरूद के पेड़ के पास अमरूद खाते दिखाई पड़ा है। थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा ने बताया कि यह जानकारी एक मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने पर पुलिस को मिली है, इसमें मासूम की करीब दस मिनट की फुटेज है। इधर, चार दिन बाद मासूम का क्षत-विक्षत शव अमरूद के पेड़ व घर के बीच पगडंडी पर मिलना कहानी को उलझा रहा है। हालांकि, पुलिस सीडीआर के जरिए काॅल डिटेल खंगालने में जुटी हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में भांवरकोल पुलिस को कुछ इलेक्ट्रानिक सबूत मिले हैं, इसे जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट अभी नहीं मिली हैं। मासूम के लापता होने व चार दिन बाद क्षत-विक्षत शव मिलने को लेकर ग्रामीणों के तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों में तंत्रमंत्र को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कलश पर जल रहा दीपक कहीं दूसरी बात का संकेत तो नहीं था, लेकिन पुलिस ने इस तरह के किसी भी मामले से साफ इन्कार किया है। इससे पूरे मामले का खुलासा हो सके। थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा ने बताया कि बालक एक अमरूद के पेड़ के पास अमरूद खाते सीसीटीवी फुटेज में दिखाई पड़ा है। अमरूद के पेड़ से मासूम के घर की दूरी 150 मीटर है और चार दिन बाद मासूम का शव पगडंडी पर मिला था। कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। जल्द ही मासूम सिद्धार्थ हत्याकांड का खुलासा होगा।
आरोपी दादी को घर न छोड़ने की हिदायत
थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शक के आधार पर हिरासत में ली गई मृत सिद्धार्थ की दादी को पूछताछ के बाद उसके घर पहुंचा दिया गया है। उसे घर नहीं छोड़ने की हिदायत दी है और उस पर निगरानी रखी जा रही है। साथ ही पुलिस हर गतिविधियों पर भी नजर रखे हुए हुए है।
मासूम की मां की बिगड़ी तबीयत चल रहा उपचार
मासूम सिद्धार्थ के लापता होने व घर से कुछ दूरी पर क्षत-विक्षत शव मिलने की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इधर, मासूम की मां अनामिका की बेटे के वियोग में तबीयत खराब हो गई है। पिता जामवंत कु्शवाहा भी बेटे की मौत से पूरी तरह से टूट गए हैं। जामवंत ने बताया कि उनकी पत्नी अनामिका की तबीयत खराब हो गई है।