जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर गांव में शनिवार सुबह घर के पास खेल रहा सात वर्षीय बालक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद उसका शव गांव के पास स्थित नहर से बरामद हुआ। मां साधना देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है, जबकि अहमदाबाद में नौकरी कर रहे पिता घर के लिए रवाना हो गए हैं।
मृतक का चचेरा भाई राजू यादव ने बताया कि जीवपुर गांव निवासी धर्मेंद्र यादव का पुत्र कृष्णा यादव उर्फ लाडू (7) शनिवार सुबह करीब आठ बजे घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद जब परिजन उसे भोजन कराने के लिए बुलाने पहुंचे तो वह कहीं दिखाई नहीं दिया। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। अनहोनी की आशंका पर ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू कराई। घर के पास स्थित नहर में तलाश के दौरान कुछ देर बाद बालक का शव बरामद हो गया। आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय वह नहर के किनारे पहुंच गया होगा और पैर फिसलने से गहरे पानी में गिर गया। आसपास कोई मौजूद न होने के कारण उसे समय रहते बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। चचेरे भाई के मुताबिक कृष्णा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।