कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। जिले में संक्रमण का प्रभाव न हो, इसके लिए प्रतिदिन एक हजार से अधिक लोगों की जांच की जा रही है। हालांकि वर्तमान में जिले में सिर्फ दो संक्रमित हैं जिनकी निगरानी स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही है। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार कर उनकी आरटीपीसीआर जांच कराई जा रही है। शतप्रतिशत टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग जुटा हुआ है।
कोरोना की दूसरी लहर में लगातार संक्रमित मिल रहे थे। वहीं मरीजों की मृत्यु भी हुई। ऑक्सीजन की कमी की समस्या बनी हुई थी। जिला प्रशासन ने जब अभियान चलाकर दवा की व्यवस्था के साथ ही जांच और टीकाकरण कराया तो संक्रमितों की संख्या में कमी आनी शुरू हुई थी। बीते नवंबर के अंतिम सप्ताह और दिसंबर में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इसको देखते हुए तीसरी लहर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रतिदिन करीब 1500 लोगों की जांच कर रही है। वहीं लगातार टीकाकरण भी किया जा रहा है।
0
अब तक 1211 की जांच रिपोर्ट लंबित
जिले में बीते वर्ष पांच मार्च 2020 से लेकर अब तक 338761 लोगों की आरटीपीसीआर जांच, 749919 की एंटीजन और 3709 की ट्रूनैट से जांच कराई जा चुकी है। इसमें 1091178 रिपोर्ट आ चुकी है जिसमें 1069526 निगेटिव और 21652 पॉजिटिव मरीज मिले। जबकि अभी तक 1211 लोगों की जांच रिपोर्ट लंबित है। इधर तीसरी लहर को देखते हुए प्रतिदिन करीब 1500 संदिग्धों की जांच कराई जा रही है।
अब तक 2980737 को लगी है दोनों डोज
जिले में अब तक 2980737 लोग कोरोना टीका की दोनों डोज लगवा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बाराचंवर, भदौरा, बिरनो, देवकली, गौड़ऊर, जखनिया, करंडा, कासिमाबाद, मनिहारी, मरदह, सादात, मुहम्मदाबाद, रेवतीपुर, सैदपुर, सुभाखरपुर, जमानिया, जिला महिला अस्पताल, जिला अस्पताल, नगर पालिका गाजीपुर, पीएचसी हाथीखाना और रजदेपुर में प्रतिदिन टीकाकरण चल रहा है ताकि अधिकाधिक लोगों को टीका लगाया जा सके।
0
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सतर्कता काफी जरूरी है। इसमें थोड़ी भी लापरवाही लोगों के लिए भारी पड़ सकती है। लोगों को चाहिए कि वे गंभीरता से कोरोना गाइडलाइन का पालन करें। - डॉ. उमेश कुमार, एसीएमओ और नोडल।