गाजीपुर। कोडीनयुक्त कफ सिरप के खरीद फरोख्त के मामले में पुलिस ने मंगलवार की देर शाम आरोपी अमित सिंह की 60.35 लाख रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर ली। पुलिस टीम ने जखनिया तहसील के जखनिख गोविंद मौजा में 127. 5 वर्ग मीटर भूमि जब्त कर ली। साथ ही विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
सीओ सिटी शेखर सेंगर ने बताया कि कोडीन कफ सिरप के खरीद- फरोख्त के मामले में बीते 24 नवंबर 2025 को ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से छह फर्माें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। कोडीनयुक्त कफ सिरप खरीद- फरोख्त के आरोपी भुड़कुड़ा कोतवाली के झोटना गांव निवासी अमित सिंह ने मादक द्रव्य कारोबार से अर्जित अवैध आय से अपनी पत्नी अनीता सिंह के नाम से अचल संपत्ति मौजा जखनिया गोविंद में खरीदी थी। सीओ सिटी शेखर सेंगर ने बताया कि जखनिया गोविंद में 63.5 वर्ग मीटर और दूसरी भूमि 64 वर्ग मीटर को कुर्क किया गया है। दोनों अचल संपत्तियों की बाजारू कीमत करीब 60. 35 लाख रुपये हैं। साथ ही विधिक कार्रवाई की जा रही है।