गाजीपुर। नगर में सीवर प्रोजेक्ट का कार्य चल रहा है। इसके लिए बिजली के अवैध कनेक्शन जारी किए गए थे। इसका खुलासा बिजली निगम की जांच में हुआ है। विद्युत वितरण खंड नगर के अधिशासी अभियंता आशीष कुमार को शिकायत मिली थी कि कुछ जगहाें पर शाम होते ही बिजली के अवैध कनेक्शन जोड़ दिए जा रहे हैं।
इसकी जांच करने की जिम्मेदारी उन्होंने उपखंड शहर सुधीर कुमार को दी। उन्होंने बाइक से नगर का भ्रमण किया। उनकी जांच में पता चला कि सीवर प्रोजेक्ट के लिए बिजली के अवैध कनेक्शन दो लाइनमैनों ने दिए हैं।
अधिशासी अभियंता आशीष कुमार ने जांच रिपोर्ट मिलने पर आरोपी दोनों लाइनमैनों को बर्खास्त करने व उनके खिलाफ केस दर्ज करने को लेकर अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार को पत्र लिखा है। लाइनमैंनों की मानीटरिंग की जा रही है। बकाये में काटे गए बिजली कनेक्शनों की जांच की जा रही है। बकाया जमा किए बगैर बिजली कनेक्शन जोड़ने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
राजस्व वसूली का मिला लक्ष्य
गाजीपुर। अधिशासी अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि बकाया वसूली को लेकर सभी एसडीओ, जेई फीडर मैनेजर, मीटर रीड व लाइनमैनों को लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली व ओटीएस में पंजीकरण न होने पर 15 जनवरी के बाद बड़ी कार्रवाई की जाएगी।