गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों की निष्क्रियता के चलते मानव संपदा पोर्टल पर डाटा फीडिंग और सत्यापन का कार्य काफी धीमा चल रहा है। इसे पूर्ण करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक है। अभी तक सिर्फ 60 प्रतिशत शिक्षकों का ही डाटा फीड हो सका है। अगले तीन दिन में यह कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओपी राय ने मानव संपदा पोर्टल पर डाटा फीडिंग कराने और सत्यापन के लिए अभिलेखों को उपलब्ध कराने में विलंब करने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रधानाचार्यों से इस कार्य को तत्काल पूर्ण कर सूचित करने को कहा है। उन्होंने इन विद्यालयों को चेेतावनी भी दी कि अगर रविवार तक फीडिंग का कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिले में राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की फीडिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है और 74 प्रतिशत शिक्षकों की प्रविष्टियां अंतिम रूप से सत्यापित भी हो चुकी है। एडेड माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की संख्या 1688 है। पोर्टल पर 1056 पंजीकृत हैं। इसमें से सिर्फ 48 की प्रविष्टियां अंतिम रूप से सत्यापित हैं। यह प्रगति काफी कम है। एडेड संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मियों की संख्या 40 है। इनकी प्रगति शून्य है।