गाजीपुर। हम सरकार के दुश्मन नहीं हैं। लेकिन, अगर किसी भी राज्य व किसी भी शासन में हिंदुओं के साथ गलत हुआ, तो चुप रहना हमारा धर्म नहीं है। यह बातें अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने बृहस्पतिवार को जिला पंचायत सभागार में कहीं।
उन्होंने कहा कि हिंदुओं पर होने वाले अन्याय के खिलाफ संघर्ष आज से नहीं कई वर्षों से करता आया हूं। आज भी कर रहा हूं। आगे भी करते रहेंगे। कोई प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री हो, सत्य और हिंदू हित के लिए किसी से नहीं डरते हैं। लड़ाई सत्ता से नहीं अन्याय से है। हम सरकार के दुश्मन नहीं है। सवालिया लहजे में कहा कि लेकिन, आज क्या हो रहा है। हिंदू कार्यकर्ताओं पर झूठे केस, हिंदू संगठनों को बदनाम करने की साजिश हो रही है। जो राष्ट्र के लिए खड़ा है, उसी को कटघरे में खड़ा किया जा रहा है। भारत माता के वीर सपूतों आज हम कहना चाहते हैं कि हम किसी सरकार के विरोध में नहीं, किसी पद के लालच में नहीं, बल्कि हिंदू समाज के सम्मान, सुरक्षा और अस्तित्व की बात करने आया हूं। इतिहास गवाह है, जब-जब हिंदुओं पर अन्याय हुआ है, तो कुछ लोग डरकर चुप हो गए। कुछ लोग समझौते में झुक गए, लेकिन कुछ शूरवीर ऐसे हुए जो सीना तानकर खड़े हो गए। आज अगर कोई हिंदुओं की आवाज को कोई निर्भीक होकर उठाता है, तो वह अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल है।
हम सरकारों, सांसदों और विधायकों से कहना चाहते हैं कि अगर आप सच में राष्ट्र और समाज के हितैषी हैं, तो हिंदू कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे बंद कीजिए। राष्ट्रवादी संगठनों को सहयोग दीजिए। न्याय को धर्म के तराजू में मत तौलिए क्योंकि जब न्याय पक्षपाती होता है, तो संघर्ष जन्म लेता है। आज बांग्लादेश में जो हिंदुओं के साथ हो रहा है, वह केवल एक देश की कहानी नहीं है। वह पूरे हिंदू समाज के लिए चेतावनी है। अगर आज आवाज़ नहीं उठी, आज संगठन मजबूत नहीं हुए,तो कल हालात हाथ से निकल सकते हैं। भाइयों और बहनों यह लड़ाई लंबी है, लेकिन सच्ची है। यह संघर्ष कठिन है। इस मौके पर दुर्गेश श्रीवास्तव, ईश्वरी प्रसाद, सूर्य प्रताप, रजनी ठकराल, सुधाकर कुशवाहा, उमेशचंद पांडेय आदि मौजूद रहे।
माल्यार्पण कर किया स्वागत
गाजीपुर। हिंदू रक्षा निधि कार्यक्रम के तहत अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के जनपद में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने महाराजगंज में माल्यार्पण करके स्वागत किया। इसके बाद वह जिला पंचायत सभागार में पत्रकारों से रूबरू हुए। हिंदू रक्षा निधि के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद उन्होंने दुर्गेश श्रीवास्तव के आवास पर रात्रि प्रवास किया।