कासिमाबाद। बलिया में पत्रकारों का उत्पीड़न और जेल भेजना निंदनीय है। मैंने इसको संज्ञान में लिया है। उनको न्याय मिलेगा। यह बात बलिया सदर से विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने बलिया जाते समय पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कासिमाबाद में रविवार को पत्रकारों से कही।
उन्होंने कहा कि बलिया में नकल माफिया की करतूत को उजागर करने वाले पत्रकारों के खिलाफ की गई कार्रवाई निंदनीय है। इस विषय में जिला प्रशासन से बात की जाएगी और पत्रकारों को न्याय दिलाया जाएगा। किसी को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कासिमाबाद में एप्रोच मार्ग का निर्माण रोकने पर कहा कि यह एप्रोच बेहद महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री से बात करके इसे बनवाने का प्रयास किया जाएगा। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से लखनऊ से बलिया तक की रोडवेज की बस सेवा शुरू करने की बात करते हुए कहा कि इससे यात्रियों को सहूलियत होगी। कासिमाबाद सहित पूरे पूर्वांचल में रोडवेज की बसों का कहां-कहां जरूरत होगी, इसका सर्वे कराया जाएगा। इसके आधार पर सेवाएं शुरू की जाएंगी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शिव प्रताप सिंह छोटू के नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया।जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह सहित कासिमाबाद मंडल अध्यक्ष प्रथम संतोष गुप्ता, द्वितीय मयंक राय, जिला उपाध्यक्ष अखिलेश राय, लल्लन चौहान, दिनानाथ ठाकुर, शिवराज बिंद ,वासुदेव पांडेय, सुधांशु मिश्रा, नंदा राजभर आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।