छात्रसंघ संगठन गाजीपुर के नेतृत्व में छात्रों ने गाजीपुर सिटी से जौनपुर जंक्शन तक डेमू ट्रेन के परिचालन के लिए रेलमंत्री एवं डीआरएम वाराणसी के नाम संबोधित पत्रक स्टेशन अधीक्षक रामायण सिंह यादव के माध्यम से सौंपा। उन्हें डेमू ट्रेन गाजीपुर सिटी से नहीं चलने से होने वाली असुविधा और जनता की दुश्वारियों से भी अवगत कराया।
समाजसेवी शशांक उपाध्याय ने कहा कि कोरोना महामारी की वजह से ट्रेन की सामान्य स्थिति बहाल न होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान समय में जो डेमू ट्रेन औड़िहार जंक्शन से जौनपुर जंक्शन तक चल रही है उस ट्रेन का गाजीपुर सिटी से परिचालन होने से गाजीपुर जनता को जौनपुर जंक्शन तक सफर करने में आसानी होगी। गाजीपुर के सभी महाविद्यालय पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर से संबद्ध हैं। इस वजह से तमाम छात्रों के साथ ही शिक्षकों को आने-जाने में असुविधा के साथ ही आर्थिक क्षति के साथ ही समय की बर्बादी का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर आकाश तिवारी, अभिषेक चौरसिया, राजदीप रावत, चमचम चौबे, दीपक कुमार, अभिषेक राय, अविनीश सिंह, गुंजन राय, सुनील कुमार आदि छात्र मौजूद थे।