गाजीपुर जिले के रेवतीपुर क्षेत्र के रामपुर उर्फ साधोपुर गांव में गंगा के किनारे स्थापित देव प्रतिमा को अराजकतत्वों ने शुक्रवार की देर शाम क्षतिग्रस्त कर दिया। शनिवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नई प्रतिमा स्थापित कराने एवं आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
रोज की तरह आरती के बाद शुक्रवार को मंदिर का कपाट बंद कर दिया गया था। शनिवार सुबह जब ग्रामीण पूजा-पाठ करने पहुंचे तो देखा कि दरवाजा टूटा है। देव प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त है। इस पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोगों ने नाराजगी जताते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने और नई प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।