जमानिया। आखिरी मिनट तक जीत के लिए संघर्ष और 57वें मिनट में निर्णायक गोल। जीवपुर गांव के खेल मैदान पर बुधवार शाम पहली ग्रामीण स्तरीय मिनी पोल फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में मेजबान टीम ने इसी प्रदर्शन के दम पर खिताब अपने नाम कर लिया। जीवपुर ने कड़े मुकाबले में बेटावर को 1-0 से हराया। जीत के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर बढ़त बनाने के प्रयास किए। खिलाड़ियों के तेजतर्रार मूव के बावजूद मजबूत रक्षापंक्ति के कारण मध्यांतर तक कोई गोल नहीं हो सका। दूसरे हाफ में मुकाबला और आक्रामक हो गया। मैच के 57वें मिनट में जीवपुर के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए गेंद बेटावर के गोलपोस्ट में पहुंचा दी। इस गोल से मिली 1-0 की बढ़त को जीवपुर ने अंत तक कायम रखा। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए रेहान को मैन ऑफ द मैच और पूरे टूर्नामेंट में बेहतर खेल के लिए इरफान को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। मुख्य अतिथि युवा समाजसेवी एवं भाकियू टिकैत के तहसील अध्यक्ष बबलू यादव ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। रेफरी की भूमिका विक्की कुमार ने निभाई, जबकि हरिओम कुमार ने कमेंट्री की। देर रात तक पुरस्कार वितरण का दौर चला।