गाजीपुर। हर क्षेत्र में कंप्यूटर की उपयोगिता बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए युवाओं को तकनीकी और कंप्यूटर ज्ञान में दक्ष बनाने के लिए राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय ने छात्राओं को स्नातक प्रथम सेमेस्टर में बेसिक कंप्यूटर कोर्स और द्वितीय सेमेस्टर में एडवांस कंप्यूटर कोर्स की शिक्षा अनिवार्य कर दी है।
इससे वह न केवल कंप्यूटर ज्ञान से परिचित होंगी वरन अपने परीक्षा, प्रवेश, छात्रवृत्ति फॉर्म आदि जरूरी कार्यों को स्वयं कर अपना धन और समय बचा सकेंगी।
राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय ने नई शिक्षा नीति के तहत छात्राओं को व्यावसायिक पाठ्यक्रम की शिक्षा अनिवार्य रूप से लागू कर दी है।
स्नातक प्रथम सेमेस्टर में बेसिक कंप्यूटर कोर्स और द्वितीय सेमेस्टर में एडवांस कंप्यूटर कोर्स की शिक्षा अनिवार्य कर दी गई है। इसके अतिरिक्त अन्य कक्षाओं की छात्राएं या पुरातन छात्राएं भी जो कंप्यूटर का बेसिक ज्ञान चाहती हैं, वे ट्रिपल-सी कोर्स कर सकती हैं।
कंप्यूटर का विशेष ज्ञान प्राप्त कर भविष्य में रोजगार के लिए छात्राएं एडवांस कंप्यूटर का ओ-लेवल कोर्स भी कर सकती हैं। स्नातक द्वितीय वर्ष में तीसरे सेमेस्टर में व्यावसायिक कोर्स की शिक्षा के तहत छात्राओं के लिए बेसिक ब्यूटीशियन कोर्स की शुरुआत की गई है।