मरदह। थाना क्षेत्र के महाहर धाम में बीते एक मार्च को शिवरात्रि के अवसर पर लगे मेले में झूला अचानक टूट गया था। हादसे में चार बच्चे घायल हो गए थे। इसमें गंभीर रूप से घायल तीन बच्चों का उपचार ट्रामा सेंटर वाराणसी में चल रहा था। शुक्रवार की देर रात एक बालिका की इलाज के दौरान मौत हो गई।
शिवरात्रि के अवसर पर महाहर धाम के मेले में एक झूला टूट गया था। हादसे में सुलेमापुर देवकली गांव निवासी मिथिलेश गुप्ता का बड़ा पुत्र आलोक गुप्ता (17) और छोटा पुत्र आदित्य गुप्ता (10) के अलावा इसी गांव के गुपेश गुप्ता की बड़ी पुत्री स्नेहा गुप्ता (12) और छोटी पुत्री सोनी गुप्ता (10) गंभीर रूप से घायल हो गई थी। ग्रामीणों और पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने आलोक गुप्ता, स्नेहा गुप्ता और सोनी गुप्ता को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया था। जहां इलाज के दौरानस्नेहा गुप्ता की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतका के पिता गुपेश गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने झूला संचालक के खिलाफ मुकदमा किया है।