नंदगंज थाने का वार्षिक निरीक्षण कर एसपी ने अभिलेख दुरुस्त रखने व अपराध नियंत्रण के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, कंप्यूटर कक्ष, मिशन शक्ति कार्यालय व साइबर सेल का निरीक्षण किया।
गाजीपुर जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने रविवार को नंदगंज थाने का वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों की स्थिति और विभिन्न इकाइयों के कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई। इस दौरान एसपी ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, कंप्यूटर कक्ष, मिशन शक्ति कार्यालय व साइबर सेल का निरीक्षण किया।
विज्ञापन
उन्होंने अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों को अद्यावधिक रखने और सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए। साफ-सफाई और अनुशासन पर विशेष जोर देते हुए एसपी ने थाना परिसर व बैरकों की स्वच्छता का भी अवलोकन किया।
साइबर सेल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम और जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क की समीक्षा करते हुए एसपी ने महिला पुलिस कर्मियों को फरियादियों से संवेदनशील व्यवहार करने और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
विज्ञापन
साथ ही मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करने पर जोर दिया। इस दौरान एसपी ने उपनिरीक्षकों को शस्त्र अभ्यास भी कराया और थाना परिसर में चौकीदारों को वर्दी वितरित की। लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और क्षेत्र में अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थानाध्यक्ष सहित सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।