गाजीपुर: एशियन गेम्स का स्वर्ण लेकर घर लौटे राजकुमार, अब ओलंपिक गोल्ड पर नजर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने के बाद गाजीपुर के खिलाड़ी राजकुमार पाल मंगलवार को घर लौटे। उनके स्वागत के लिए औड़िहार से करमपुर तक बड़ी संख्या में लोग जुटे। औड़िहार रेलवे स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया गया। इसके बाद वाहनों के काफिले के साथ उन्हें मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम करमपुर ले जाया गया।
स्टेडियम में तालियों से हुआ स्वागत
मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने तालियों और नारों के साथ राजकुमार का स्वागत किया। एशियन गेम्स के फाइनल में भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। उस समय इसी स्टेडियम में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने टीवी स्क्रीन पर मैच देखा था और जीत के बाद जमकर जश्न मनाया था।
मंगलवार को उसी स्टेडियम में स्वर्ण पदक विजेता राजकुमार की मौजूदगी से खुशी और बढ़ गई। व्यवस्थापक अनिकेत सिंह ने राजकुमार की मां मनराजी देवी और भाभी नीलम पाल को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
इस दौरान विपुल चौबे, कोच इंद्रदेव राजभर, पूजा सिंह, ध्रुव सिंह, मनोज सिंह, दीपक सिंह, छांगुर सिंह, आशुतोष सिंह, शुभम पांडेय, राहुल पांडेय, सौम्य प्रकाश बरनवाल और अनुराग सिंह समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
गाजीपुर: एशियन गेम्स का स्वर्ण लेकर घर लौटे राजकुमार, अब ओलंपिक गोल्ड पर नजर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अब ओलंपिक गोल्ड का सपना
स्वागत से खुश राजकुमार पाल ने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना उनके लिए बड़ी खुशी की बात है। अब उनका अगला लक्ष्य 2028 में होने वाले ओलंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह अभी से तैयारी में जुटेंगे।
मां बोलीं- बेटे ने परिवार का सपना पूरा किया
राजकुमार की मां मनराजी देवी ने कहा कि बेटे ने परिवार के सपनों को बहुत ऊंचाई तक पहुंचाया है। अब वह 2028 ओलंपिक में भी बेटे के हाथों देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने की खुशी देखना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि बेटे की हर उपलब्धि पूरे परिवार के लिए गर्व का पल है।
पूरे क्षेत्र में बढ़ा खेलों का उत्साह
राधेमोहन सिंह ने कहा कि राजकुमार पाल की उपलब्धि से करमपुर ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। उनके स्वागत से क्षेत्र के युवाओं में हॉकी और अन्य खेलों के प्रति उत्साह भी बढ़ा है।