गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा में पहली पाली में हाईस्कूल के छात्रों की सिलाई एवं इंटर की पाली, अरबी, फारसी तथा दूसरी पाली में हाईस्कूल के छात्रों की वाणिज्य एवं इंटर अंग्रेजी प्रश्नपत्र की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। अंग्रेजी की परीक्षा में एक केंद्र पर अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए तो एक अन्य केंद्र पर दूसरे की जगह परीक्षा देते फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया।
पहली पाली में हाईस्कूल सिलाई की परीक्षा में पंजीकृत एक बालक उपस्थित था। जबकि 19 में 18 बालिकाएं उपस्थित रहीं एवं एक अनुपस्थित थी। आज की परीक्षा में विभिन्न सचल दस्तों की ओर से कई केंद्रों का निरीक्षण किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओमप्रकाश राय ने बताया कि वित्त एवं लेखाधिकारी (माध्यमिक) दीपक सिंह के नेतृत्व वाले सचल दस्ते ने हरिनारायण बालिका इंटर कालेज से अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए अफान को पकड़कर रस्टीकेट कर दिया। इसके अलावा रेशमा इंटर कालेज स्थित केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक ने शिवपाल की जगह परीक्षा दे रहे गोपाल को पकड़ लिया। उसके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया। डीआईओएस ने बताया कि आज विभिन्न सचल दल की ओर से अपनी निगरानी में कापियों को सील कराकर उन्हें अपनी देखरेख में संकलन केंद्रों में जमा कराया गया। देवकली संवाददाता के अनुसार धनेश्वर इंटर कालेज में अंग्रेजी की परीक्षा में 528 में 138 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। यह जानकारी केंद्र व्यवस्थापक मानसेर सिंह ने दी। आदर्श इंटर कालेज सियांवा में 421 में 138, हनुमान सिंह इंटर कालेज में दूसरी पाली में 415 में 139 तथा देवधारी सीताराम इंटर कालेज में 578 में 116 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दिया।