ट्रेन से गिरकर अज्ञात युवक की मौत
जमानिया। स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-दो पटना-मुगलसराय पैसेंजर ट्रेन से गिरने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त में जुट गई।
मालूम हो कि शुक्रवार की सुबह करीब 10.52 बजे जैसे ही पटना-मुगलसराय पैसेंजर ट्रेन 63233 प्लेटफार्मर नंबर-दो पर पहुंची, जल्दबाजी में उतरने के चक्कर में एक करीब 35 वर्षीय युवक गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना स्टेशन प्रबंधक को दी। इस पर स्टेशन प्रबंधक ने दिलदारनगर जीआरपी को घटना से अवगत कराया गया। मौके पर पहुंची जीआरपी ने मृतक की तलाशी लिया, लेकिन कुछ नहीं मिला। मौजूद लोगों से युवक के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी ने पहचान नहीं किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय पर स्थित मर्चरी हाउस में भेजवा दिया और शिनाख्त में जुट गई।