गाजीपुर। दीपावली तथा डाला छठ के समापन के बाद अब लोग अपने रोजी रोजगार पर वापस लौटने लगे हैं। इसके मद्देनजर गाडिय़ों तथा बसों में जबरदस्त भीड़ होने लगी है। जिले के सभी रेल मार्गो से गुजरने वाली मेल, एक्सप्रेस गाडिय़ों में तिल रखने की जगह नहीं है। बड़े महानगरों की ओर जाने वाली गाडिय़ां पूरी तरह कसी हुई चल रही हैं। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि करीब एक सप्ताह तक महानगरों की ओर जाने वाली गाड़ियों की यही दशा रहेगी।
व्यवसाय, रोजी-रोजगार तथा विभिन्न नौकरियों के चलते शहरों, महानगरों में रहकर कमाई कर रहे लोग अब अपने कामकाज पर जाने लगे हैं। इसके चलते गुजरात, महाराष्ट्र, असोम, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों की ओर जाने वाली गाड़ियों में जबरदस्त भीड़ हो रही है। लोगों को बैठने तक की जगह नहीं मिल रही है। जिन लोगों ने पहले से आरक्षण करा लिया है वह तो थोड़ा आराम से यात्रा कर पा रहे हैं, लेकिन अचानक यात्रा का कार्यक्रम बनाने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जिले में तीन तरफ से होकर रेल मार्ग गुजरते हैं। सभी रुटों पर ट्रेनों में वापसी की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। जिले के औड़िहार-बलिया, औड़िहार- गोरखपुर, पीडीडीयू-पटना आदि सभी रुटों पर चल रही ट्रेनों में भीड़ बनी हुई है। गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन से गंगा कावेरी, ज्ञानगंगा, सुहेलदेव, गाजीपुर-कोलकाता, स्वतंत्रता सेनानी, सारनाथ, पवन एक्सप्रेस आदि गाड़ियां महानगरों की ओर जाती हैं। इनमें काफी भीड़ बनी हुई है। इसी प्रकार पीडीडीयू-पटना रुट पर दिलदारनगर और जमानिया में भी गाड़ियों से जाने वालों की भीड़ बढ़ती जा रही है। संपर्क क्रांति, फरक्का, विभूति, एलटीटी, जनसाधारण, पंजाब मेल, गुवाहाटी एक्सप्रेस आदि में भी तिल रखने की जगह नहीं है। अधिक सामान लेकर यात्रा करने वालों की फजीहत हो रही है। इसी प्रकार औड़िहार-मऊ रेल मार्ग पर सादात, दुल्लहपुर, जखनिया आदि स्टेशनों पर भी यात्रियों की भीड़ हो रही है।