मरदह। ब्लॉक अंतर्गत बीरबलपुर ग्राम सभा में मंगलवार को अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में मरदह महाहरधाम-आलमपट्टी गाजीपुर मार्ग पर धरना-प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर किसान सभा के नेता कल्पनाथ सिंह ने कहा कि यह सड़क ब्लॉक के बरेंदा गांव से बीरबलपुर होते हुए कहोतरी चौराहे तक जाती है। लगभग चार किलोमीटर सड़क पर पक्का कार्य आजादी के बाद से आज तक नहीं कराया गया है। सड़क की स्थिति काफी खराब हो चुकी है। बरसात के मौसम में आना-जाना जनता के लिए दुर्लभ हो गया है। खराब मार्ग होने के कारण अक्सर लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
सभा में अन्य वक्ताओं ने कहा कि पूर्व में भी ग्रामीणों द्वारा इस सड़क को बनवाने के लिए शासन-प्रशासन से आग्रह किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन द्वारा मौके पर आकर सड़क देखने के बाद केवल आश्वासन ही दिया गया। आज तक इसकी स्थिति जस की तस बनी हुई है। कहा कि जर्जर सड़क का निर्माण करा कर स्कूली बच्चों एवं आम जनता की समस्या को दूर किया जाए। इस मौके पर शिवकुमार यादव, पंकज यादव, शेषनाथ यादव, अनिल यादव, रामअवध राजभर, घनश्याम राजभर, रामसकल राजभर, द्वारिका प्रसाद गुप्ता, नागेंद्र यादव, सुदामा यादव, गामा यादव, ज्ञानती देवी, सुभावती देवी, चंपा देवी, प्रमिला देवी, प्रमोद यादव आदि उपस्थित थे।