गाजीपुर। उत्तर प्रदेश मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन (यूपीएमएसआरए) की ग़ाजीपुर इकाई की ओर से अपनी मांगों को लेकर सरजू पांडेय पार्क में बुधवार को धरना दिया गया। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के बालाजी को सौंपा। वक्ताओं ने आईडी एक्ट को खत्म करने पर विचार कर रही केंद्र सरकार का पुरजोर विरोध करने का निर्णय लिया।
धरना सभा में अखिल भारतीय कमेटी के आरएम राय ने बताया कि हमारे लिए बना हुआ कानून सेल्स प्रमोशन इंप्लॉईज एक्ट-1976 उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी सभी प्रदेशों में आईडी एक्ट के साथ बहुत पहले ही जोड़ा जा चुका है लेकिन उत्तर प्रदेश में अभी भी यह आईडी एक्ट के साथ नहीं जुड़ा है। आने वाले समय में केंद्र सरकार इस कानून को ही खत्म करना चाहती है । जिसका हम पुरजोर तरीके से विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने हमारी मांग नहीं मानी तो आने वाले समय में हम आंदोलन को धार देने का काम करेंगे। जरुरत पड़ी तो हड़ताल एवं भूख हड़ताल करेंगे। कई कंपनियों का प्रबंधन बहुत सारे केंद्रीय कानूनों का उल्लंघन कर रहा है। जिसकी शिकायत मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन, श्रम इंस्पेक्टर ग़ाजीपुर एवं पुलिस अधीक्षक से भी कर चुके हैं। सभा के बाद यूपीएमएसआरए का एक प्रतिनिधिमंडल उप जिलाधिकारी से मिला और उनके माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही विभिन्न कंपनियों की ओर से किए जा रहे कानूनों के उल्लंघन तथा यूपीएमएसआरए की तरफ से चलाए जा रहे आंदोलनों की लिखित सूचना के साथ सभी संदर्भों का प्रपत्र भी सौंपा। धरना सभा में मो. अफ़जल, आशीष राय, मयंक श्रीवास्तव, हरिशंकर गुप्ता, एमपी राय, रविकांत तिवारी, ज्योतिभूषण, मनोहर यादव, निखिल वर्मा, राम सिंह, एएन ओझा, रमेश सिंह, राजेश, अम्बिकेश शुक्ल, रामाशीष विश्वकर्मा, सुनील राय, उत्कर्ष दुबे, शेखर राय, अशहर आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीके सिंह तथा संचालन सौरभ पांडेय ने किया।