लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्य अतिथि चिराग पासवान ने कहा कि ऐसे आयोजन होने चाहिए जिससे आने वाली पीढ़ी देश के लिए कुर्बानियां देने वाले शहीदों के बारे में जान सके। रसूलन बीबी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मेरे पिता जी से अक्सर रसूलन बीबी मिलती थीं। उस समय हम लोग बहुत छोटे थे। पिता जी उनकी सभी मांगों को पूरी करते थे। पर उनकी शहादत के आगे सब छोटा है। जो सुविधा मेरे पिता जी ने शहीद परिवार को दिया। उससे दो कदम आगे रहकर योगदान देने का काम करेंगे। कहा कि अपने देश और प्रदेश के लिए नई ऊर्जा लेकर यहां से जा रहा हूं।
इसके पूर्व जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने दिन में 11 बजे पार्क में पहुंचकर सबसे पहले शहीद को माल्यार्पण कर उनकी प्रतिमा को नमन किया। पार्क में घूम कर लगे स्टाल का अवलोकन किया और स्टालों पर किसान, जवान तथा विकलांग के लिए सब्सिडी के बारे में डीएम ने लोगों को अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान गणेश डांस क्लब और महाराजी पब्लिक स्कूल खंडवा की छात्राओं ने देशभक्ति गीत पर डांस प्रस्तुत किया। काशी वारियर्स वाराणसी के छात्रों ने अपने मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।
शहीद पार्क का निरीक्षण करते जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी एमपी सिंह ने कहा कि इस स्थान पर आने से असीम ऊर्जा मिल रही है। शहीद के सम्मान में पार्क का सुंदरीकरण कराया जायेगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि ऐसे लोग हमारे प्रेरणा स्रोत हैं और इनको अपना आदर्श मानते हुए इस जनपद के लोग सेना में भर्ती के लिए प्रयासरत दिखाई देते हैं। धन्य है धामूपुर गांव जिसने वीर शहीद को जन्म दिया। शहीद के प्रपौत्र जमील आलम की मांग पर डीएम ने पार्क के सुंदरीकरण एवं उसमें इंटरलॉकिंग करवाने की बात कही और खंड विकास अधिकारी जखनिया संदीप श्रीवास्तव को मौके पर बुलाकर इस बाबत कार्य कराने का निर्देश दिया।
लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि जब तक देश एकजुट नहीं रहेगा तब तक विकासशील देशों की श्रेणी में शामिल नहीं हो सकते, लेकिन जाति व धर्म के नाम पर पूरे देश को बांटा जा रहा है। तब तक यह सपना पूरा नहीं हो सकता है। देश को बांटने की साजिश हो रही है। सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब देश एकजुट होकर देश का विकास करें।
फर्क यहां जरूर देखने को मिल रहा है कि जो अमीर है वह अमीर होता जा रहा है जो गरीब है वह गरीब होता जा रहा है। जब तक सुविधाओं को पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंचा देंगे तब तक वीर जवानों के लिए सही मायने में सम्मान नहीं होगा। मेरे आदर्श रामविलास पासवान ने सभी को मुख्यधारा में जोड़ने का काम किया। मेरी रगों के अंदर ऐसे व्यक्ति खून दौड़ रहा है जो निरंतरता के साथ हर व्यक्तित्व को सम्मानित करने का काम किया।
गार्ड ऑफ ऑनर देते सेना के जवान।
- फोटो : अमर उजाला
कर्नल नितिन थापा ने गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए शहीद को सलामी दी। बाद में पुष्प चक्र अर्पित करते हुए शहीद को नमन किया। इसके साथ ही लोजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी शहीद प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें नमन किया। कर्नल विनीत थापा ने कहा कि अपने जीवन काल में कहीं न कहीं ऐसे ही शहीदों से प्रेरणा लेकर ही इस ड्यूटी को इस आर्मी की सर्विस को हम लोगों ने ज्वाइन किया। जिन्हें कभी किताबों में पढ़ते थे आज उनके गांव आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। पूरी सेना के तरफ से उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की।