बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 13 अगस्त को जिले में संभावित आगमन की सूचना प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री गाजीपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। पीड़ितों से मिलकर राहत सामग्रियों का वितरण करेंगे। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों से वार्ता करने संबंधी कार्यक्रम भी संभावित है।
दौरे को लेकर बुधवार को वाराणसी मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, आईजी जोन एसके भगत समेत जिलाधिकारी एमपी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ओपी सिंह ने गहमर स्टेडियम एवं गहमर इंटर कालेज का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। संभावना है कि मुख्यमंत्री ग्राम गहमर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत सामग्री का वितरण करेंगे। जिलाधिकारी ने दौरे को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देेश दिया है। इस मौके पर सेवराई के उपजिलाधिकारी रमेश मौर्या, बीडीओ भदौरा अरुण कुमार वर्मा आदि अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।