तीन दिन से पीछा कर रहे थे हमलावर
भरवलिया निवासी छात्र सुरेंद्र सिंह यादव (19) की हत्या के लिए हमलावर तीन दिन से पीछा कर रहे थे। कुछ ग्रामीणों ने उन्हें टोका तो उन्हें धमकी भी दी थी। मृतक के चाचा ने बताया कि हमलावरों की बरामद बाइक वही है जिससे हमलावर घूम रहे थे।
गुरुवार रात सुरेंद्र सिंह यादव अकेला पाकर बाइक सवार तीनों हमलावरों ने घेर कर ताबड़तोड़ चाकुओं से गोद दिया। इसके बाद तीनों बाइक सवार हमलावर भागने लगे। तभी शोर सुनकर कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे और खून से लथपथ सुरेंद्र को देख शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर गांव के लोगों ने बाइक से भाग रहे बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। ग्रामीणों को आता देख दो बदमाश तालाब में कूद गए। जबकि तीसरा फरार हो गया।
ग्रामीणों ने तालाब में कूदे दोनों हमलावरों को धर दबोचा। उधर वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने दोनों हत्यारों को पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक के चाचा विनोद यादव ने बताया कि ग्रामीणों ने जिन दो हमलावरों को पकड़ा है और जो बाइक बरामद हुई है, उसी बाइक से तीनों हमलावर दो दिन पहले से पुलिया की तरफ राउंड मार रहे थे।
जब ग्रामीणों ने पूछा तो उन्हें चुप रहने की धमकी देते चले गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की छानबीन चल रही है। घटना की जानकारी होते ही देर रात एसपी डा. ओमप्रकाश सिंह, जमानिया एसडीएम सत्यप्रिय सिंह और सीओ सुरेश शर्मा भी घटना स्थल पर पहुंच गए और छानबीन कर रहे हैं। वारदात की सूचना मिलते ही जमानिया एसडीएम और सीओ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस हमलावरों से पूछताछ में जुटी है।